मतदान के दिन असम, केरल और पुडुचेरी में मौसम कैसा रहेगा? जानिए पूरा अपडेट
मुख्य मौसम बिंदु
- असम में मतदान के दिन बारिश और आँधी-तूफान का खतरा
- केरल के दक्षिणी हिस्सों में दोपहर बाद बारिश संभव
- पुडुचेरी में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा
- देर दोपहर और शाम के समय मौसम गतिविधियाँ अधिक सक्रिय
कल असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान होने जा रहा है। इस दौरान पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय प्री-मानसून गतिविधियाँ जारी हैं, जबकि दक्षिणी प्रायद्वीप में इसका हल्का असर देखने को मिलेगा। गौरतलब है, इस समय मौसम गतिविधियाँ आमतौर पर देर दोपहर, शाम और रात के शुरुआती घंटों में ज्यादा सक्रिय रहती हैं।
असम में कई जिलों में खराब मौसम की आशंका
असम के मध्य भाग और आसपास के बांग्लादेश क्षेत्र में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं एंटी-साइक्लोनिक प्रवाह के कारण क्षेत्र में पहुंच रही हैं। पिछले 24 घंटों में पूरे असम घाटी में छिटपुट बारिश देखी गई और 9 अप्रैल को भी यही मौसम बना रहेगा। खास तौर पर शाम और रात में बारिश- आँध के साथ तूफान की संभावना अधिक है। निचले असम और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों जैसे धुबरी, गोलपाड़ा, कोकराझार, बोंगाईगांव, बरपेटा, नलबाड़ी, गुवाहाटी, दिसपुर, कछार, हाफलोंग, दीमा, सिलचर और करीमगंज में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है। अन्य क्षेत्रों में हल्की और कम समय की बारिश होगी। लोगों को गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
केरल में दोपहर-शाम के समय बढ़ेगी बारिश
केरल में निचले स्तरों पर एक विंड डिस्कॉन्टिन्यूटी (हवा का अंतर) बन रहा है, जो तेलंगाना से दक्षिण केरल तक फैला हुआ है और रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु-केरल सीमा से होकर गुजरता है। यह सिस्टम दिन के समय पूर्व-पश्चिम दिशा में सक्रिय रहता है और दोपहर से शाम के बीच ज्यादा प्रभावी होता है। इसके कारण केरल के दक्षिणी हिस्सों जैसे एर्नाकुलम, कोट्टायम, अलप्पुझा, कोल्लम, पुनलूर और तिरुवनंतपुरम में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं, केरल के उत्तरी हिस्सों कासरगोड, कन्नूर, थालास्सेरी और कोझिकोड में मौसम बेहतर रहेगा।
पुडुचेरी में गर्म और उमस भरा मौसम
पुडुचेरी एक केंद्र शासित प्रदेश है, जो तमिलनाडु से घिरा हुआ है। वहीं, इसके जिले माहे और यनम केरल और आंध्र प्रदेश में स्थित हैं। यह क्षेत्र छोटा होने के कारण यहां का मौसम उत्तर तटीय तमिलनाडु और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश जैसा ही रहता है। माहे में भी केरल के कन्नूर और कोझिकोड जैसे मौसमीय हालात देखे जाते हैं। फिलहाल पुडुचेरी में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा और तटीय क्षेत्रों के आसपास बारिश की संभावना काफी कम है।







