Weather Update: देशभर में बढ़ेगा तापमान, लेकिन हीटवेव का खतरा नहीं, जानें पूरा पूर्वानुमान

By: AVM GP Sharma | Edited By: Mohini Sharma
Apr 10, 2026, 5:20 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

देश में बढ़ेगी गर्मी, फोटो: AI Generated

मुख्य मौसम बिंदु

  • उत्तर भारत में तापमान सामान्य से 4-7°C नीचे रहा
  • कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 12°C तक गिरा
  • अगले 3-5 दिनों में तापमान बढ़ेगा
  • एक सप्ताह तक हीटवेव की संभावना नहीं

अप्रैल के पहले दस दिन देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना और हल्की गर्मी वाला रहा है। वहीं, मैदानी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में इस सप्ताह तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, बठिंडा, चंडीगढ़, अंबाला, करनाल, नारनौल और हिसार में दिन का तापमान सामान्य से 4°C से 7°C तक कम रहा है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 12°C तक गिर गया, जिससे उत्तर भारत के कई इलाकों में सर्दी जैसा एहसास बना रहा। इसके साथ ही देश में 40°C तापमान का क्षेत्र कुछ ही क्षेत्रों मे दर्ज किया। जो केवल तेलंगाना और रायलसीमा के कुछ हिस्सों जैसे कडप्पा, नांद्याल, कुर्नूल, अनंतपुर, महबूबनगर और खम्मम तक ही सीमित रहा।

मौसम सिस्टम कमजोर, बारिश में आएगी कमी

आने वाले एक सप्ताह के दौरान देश में प्री-मानसून गतिविधियाँ कमजोर पड़ने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) कमजोर रहेंगे और उनका असर केवल पहाड़ी क्षेत्रों तक सीमित रहेगा। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश की तीव्रता और क्षेत्र अगले चार दिनों में घट जाएगा। अगले करीब 7 दिनों तक प्रायद्वीपीय भारत(peninsular India)में बनने वाली हवाओं की लाइन (विंड डिस्कॉन्टिन्यूटी/सीजनल ट्रफ) एक्टिव नहीं रहेगी, यानी इस दौरान मौसम में ज्यादा बदलाव या बारिश की संभावना कम होगी। महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्सों में एंटी-साइक्लोनिक हवाओं का प्रभाव रहेगा, जिससे किसी बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं होगी। इन सभी कारणों से देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ने लगेगा।

बढ़ेगी गर्मी, लेकिन हीटवेव का खतरा नहीं

अगले 3 से 5 दिनों में पूरे देश में पारा बढ़ेगा, हालांकि तापमान अभी भी सामान्य के आसपास या थोड़ा ही ऊपर रहेगा। सबसे ज्यादा तापमान बढ़ोत्तरी उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में होगी, इसके बाद पूर्वी राज्यों में असर दिखेगा। गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के आंतरिक हिस्से देश के सबसे गर्म क्षेत्र बन सकते हैं। वहीं, पश्चिमी तट (West Coast) पर तापमान और नमी दोनों बढ़ने का खतरा रहेगा। राहत की बात यह है कि अगले एक सप्ताह तक देश में हीट वेव (लू) चलने की संभावना नहीं है।

author image
AVM GP Sharma
President of Meteorology & Climate Change
AVM Sharma, President of Meteorology & Climate Change at Skymet Weather Services, is a retired Indian Air Force officer who previously led the Meteorological Branch at Air Headquarters in New Delhi. With over a decade of experience at Skymet, he brings a wealth of knowledge and expertise to the organization.
FAQ

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अभी भी तापमान सामान्य से नीचे है, जिससे हल्की ठंडक और सुहावना मौसम महसूस हो रहा है।

अगले 3-5 दिनों में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, पूर्वी राज्यों और मध्य भारत में तापमान बढ़ेगा। गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के आंतरिक हिस्सों में सबसे ज्यादा गर्मी बढ़ने की संभावना है।

अगले एक सप्ताह तक देश के किसी भी हिस्से में हीटवेव (लू) चलने की संभावना नहीं है, क्योंकि मौसम प्रणालियां कमजोर हैं और तापमान अभी सामान्य के आसपास रहेगा।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है